पांडव गुफाएँ, पचमढ़ी
पांडव गुफाएँ पचमढ़ी की प्रसिद्ध पांच गुफाएँ हैं, जिनके आधार पर ही इस स्थल का नाम पंचमढ़ी पड़ा।
ऐसी मान्यता है कि पाण्डवों ने अपने वनवास के दौरान यहाँ कुछ समय व्यतीत किया था। ये गुफाएँ सामान्य विन्यास की है तथा इनमें से कुछ में स्तंभयुक्त बरामदा निर्मित है। गुफा क्रमांक दो के सामने वाले भाग में साधारण चैत्य गवाक्ष आलेख देखा जा सकता है। गुफा क्रमांक तीन के कोष्ठ का प्रवेश द्वार शाखाओं से अलंकृत है. जिनके निचले भाग में लघु देव आकृतियाँ बनी हुई है। गुफा क्रमांक तीन में एक उत्कीर्ण अभिलेख है, जिस पर लिखा है उत्कीर्ण भगवकेण अर्थात यह गुफा भगवक नामक व्यक्ति द्वारा बनाई गई थी जो संभवतः एक भिक्षु था। इसके आधार पर इनका निर्माण गुप्त काल (चौथी या पांचवी शताब्दी ई.) में हुआ होगा। इसी आधार पर यह कहा जा सकता है कि ये गुफाएं बौद्ध धर्म से संबंधित हो सकती है। इस पहाडी के ऊपरी भाग में पक्की ईंटों के द्वारा निर्मित पुरावशेष मौजूद है। ये पुरावशेष संभवतः किसी स्तूप से संबंधित रहे होंगे।